जालंधर/ दिव्य दोआबा ब्यूरो-जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने मंगलवार को मोहल्ला रिशी नगर और ब्रह्म नगर का दौरा कर क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के कमिश्नर और मेयर से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की।
राजिंदर बेरी ने कहा कि क्षेत्र के निवासी पिछले कई दिनों से पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं और उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए।

राजिंदर बेरी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी नगर निगम कमिश्नर से मुलाकात कर वार्ड नंबर 25 के निवासियों को हो रही पानी की कमी संबंधी समस्या उठाई गई थी। साथ ही इलाके में नए ट्यूबवेल लगाने की मांग भी की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
राजिंदर बेरी ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में पेयजल संकट लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द नए ट्यूबवेल स्थापित कर और अन्य आवश्यक प्रबंध करके क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मोहल्ला निवासी भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याओं से पूर्व विधायक को अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।



