खेलों से नशे के खिलाफ मजबूत लड़ाई, पंजाब में तैयार हो रहा खेलों का नया माहौल : पवन कुमार टीनू

चेयरमैन पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक पवन कुमार टीनू ने आदमपुर व भोगपुर में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों का करवाया शुभारंभ

आदमपुर/भोगपुर (जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो), 10 सितंबर :- पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से करवाए जा रहे ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया-2026’ के तहत पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू ने आज आदमपुर और भोगपुर में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों का शुभारंभ करवाया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए पवन कुमार टीनू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार खेलों के विकास और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 3000 से अधिक आधुनिक खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, जबकि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों की तैयारी के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

चेयरमैन पवन कुमार टीनू ने कहा कि पंजाब सरकार के इन प्रयासों से प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है। ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया’ ने हर उम्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान किया है और आज यह आयोजन एक लोक लहर का रूप ले चुका है।

चेयरमैन टीनू ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 2022 में ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया’ के पहले सीजन की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 5 सितंबर को बठिंडा में इन खेलों के चौथे सीजन का आगाज किया। इस बार 14 वर्ष की आयु से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ी भी विभिन्न खेल मुकाबलों में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को भी इन खेलों में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से खिलाड़ियों में टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए खेल सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक हैं।

पवन कुमार टीनू ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहकर खेलों के साथ जुड़ें और ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया-2026’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार गंभीरता से कार्य कर रही है।

इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेलों में भाग लेना, अनुशासन बनाए रखना और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाना है।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *