राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों सहित हजारों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो, 09 सितंबर:- पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत (93) का बुधवार को मॉडल हाउस स्थित श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम दर्शन और विदाई के लिए राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे और दिवंगत नेता को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय चुनी लाल भगत की चिता को उनके पुत्र अश्वनी कुमार भगत ने मुखाग्नि दी। इस दौरान जालंधर पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर दिवंगत आत्मा को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान की ओर से डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया तथा पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने स्वर्गीय चुनी लाल भगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बागवानी एवं रक्षा सेवा विभाग की ओर से भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विभाजन के बाद जालंधर को बनाया कर्मभूमि
स्वर्गीय चुनी लाल भगत का जन्म 1 दिसंबर 1932 को सियालकोट (अब पाकिस्तान) में हुआ था। उनके पिता का नाम महंगा राम और माता का नाम रुकमणी देवी था। भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर आकर बस गया। परिवार ने खेल सामग्री से संबंधित निर्यात कारोबार शुरू किया, जो आगे चलकर जालंधर के प्रमुख खेल-सामग्री निर्यात कारोबारियों में शुमार हुआ।

लंबा रहा राजनीतिक एवं प्रशासनिक सफर
स्वर्गीय चुनी लाल भगत ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2011 में उन्हें पंजाब विधानसभा का डिप्टी स्पीकर चुना गया। इसके बाद वर्ष 2012 से 2017 तक पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश की सेवा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निकाय, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान, श्रम तथा वन एवं वन्य जीव विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाला।

राज्य शोक के तहत सरकारी संस्थानों में आधे दिन की छुट्टी
स्वर्गीय चुनी लाल भगत के निधन पर पंजाब सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार राज्य शोक घोषित किया गया। इसके तहत प्रदेश के सभी सरकारी संस्थानों में दोपहर बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई थी।

बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार के अवसर पर सांसद राज कुमार चब्बेवाल, मेयर वनीत धीर, अजीत प्रकाशन समूह से बरजिंदर सिंह हमदर्द, उत्तम हिंदू के मुख्य संपादक इरविन खन्ना, चेयरमैन पंजाब कृषि विकास बैंक पवन कुमार टीनू, चेयरमैन जिला योजना समिति अमृतपाल सिंह, चेयरमैन मुस्लिम कल्याण बोर्ड अब्दुल बाहरी सलमानी, चेयरमैन पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड मंगल बस्सी, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य इंदरवंश चड्ढा, वाइस चेयरमैन पंजाब गौ सेवा आयोग कीमती भगत, हलका इंचार्ज नितिन कोहली एवं राजविंदर कौर थियाड़ा सहित समाज के विभिन्न वर्गों की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

स्वर्गीय चुनी लाल भगत अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके चार पुत्रों और चार पुत्रियों में से एक पुत्र तथा एक पुत्री का पहले ही निधन हो चुका है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।




