केवल सिंह ढिल्लों ने लिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे की तैयारियों का जायजा, रेलवे स्टेशन और रैली स्थल का किया निरीक्षण

करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात पंजाब को मिलेगी : केवल सिंह ढिल्लों

चंडीगढ़/जालंधर/ब्यूरो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को जालंधर पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जालंधर कैंट स्थित नवनिर्मित रेलवे स्टेशन तथा रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और पुलिस, प्रशासनिक तथा रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पंजाब के लोगों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री पंजाब आते हैं, राज्य के विकास के लिए कोई न कोई बड़ी परियोजना लेकर आते हैं और इस बार भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान पंजाब के चार प्रमुख रेलवे स्टेशनोंजालंधर, मोहाली, श्री मुक्तसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब—के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इन रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जहां आधुनिक वेटिंग हॉल, नि:शुल्क वाई-फाई, उन्नत प्लेटफॉर्म, फूड कोर्ट, एस्केलेटर तथा यात्रियों की सुविधा के लिए अनेक आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर जालंधर से विशेष रूप से ‘संत रविदास जी एक्सप्रेस’ रेलगाड़ी को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि रेलवे परियोजनाओं के अतिरिक्त पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण हाईवे परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में नए प्रोजेक्ट्स की शुरुआत होगी, जबकि पंजाब विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक अत्याधुनिक मल्टीपरपज ऑडिटोरियम का उद्घाटन भी किया जाएगा।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को विश्व का अग्रणी और विकसित राष्ट्र बनाना है तथा पंजाब इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी सोच के तहत राज्य के पुराने रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण कर उन्हें नया स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में चल रहे अनेक विकास कार्यों में केंद्र सरकार की योजनाओं और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता विकास और सुशासन के मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करेगी तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रदेश की सेवा का अवसर प्रदान करेगी।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *