जालंधर में सनसनीखेज वारदात: दोस्त ने की सिलाई कारीगर की हत्या, पत्नी संग शव फेंकने पहुंचा

जालंधर,दिव्य दोआबा ब्यूरो: 29 जून। थाना नंबर-5 के अधीन आते चौहान कॉलोनी क्षेत्र में 28 वर्षीय सिलाई कारीगर सोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्त मनदीप सिंह उर्फ बिट्टे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सीसीटीवी फुटेज में रेहड़ी पर शव ले जाकर सुनसान गली में फेंकते हुए दिखाई दिए हैं।

शाम से लापता था सोनू, सुबह मिला शव

मृतक सोनू विवाहित था और एक बच्चे का पिता था। वह पेशे से सिलाई का काम करता था। परिजनों के अनुसार सोनू रोजाना की तरह काम पर गया था और आमतौर पर शाम साढ़े पांच बजे तक घर लौट आता था, लेकिन शनिवार शाम वह घर नहीं पहुंचा। देर रात तक कोई संपर्क न होने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

रविवार सुबह चौहान कॉलोनी की गली नंबर-5 में एक युवक का शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और बाद में शव की पहचान सोनू के रूप में हुई।

मां ने दोस्त पर जताया था हत्या का शक

शव मिलने के बाद मृतक की मां ने सोनू के दोस्त मनदीप सिंह उर्फ बिट्टे पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिट्टे की उनके बेटे के साथ पुरानी रंजिश थी और वह पहले भी कई बार सोनू के साथ मारपीट कर चुका था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले कई बार सोनू का मोबाइल फोन जबरन छीन चुका था।

परिवार के आरोपों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

CCTV फुटेज ने खोला राज

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। सीसीटीवी फुटेज में मनदीप सिंह और उसकी पत्नी एक जुगाड़ू रेहड़ी पर सोनू के शव को ले जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में दोनों आरोपी शव को घटना स्थल तक लाकर गली में फेंकते और वहां से फरार होते नजर आए।

फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बाद में दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मनदीप सिंह पहले भी कई आपराधिक मामलों में नामजद रह चुका है। वह एक मामले में भगोड़ा घोषित हो चुका था और करीब दो वर्ष की जेल भी काट चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

हत्या के कारणों की जांच जारी

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

ACP आतिश भाटिया ने क्या कहा

एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे बस्ती शेख क्षेत्र में एक शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

उन्होंने कहा कि परिवार शुरू से ही हत्या की आशंका जता रहा था और जिस व्यक्ति पर संदेह व्यक्त किया गया था, जांच के दौरान वही व्यक्ति शव को ठिकाने लगाते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया। इसी आधार पर आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *