
जालंधर। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जालंधर में तैनात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर आरोप है कि वह एक परिवार को झूठे मामले में फंसाने और उनकी संपत्ति जब्त कराने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही कर रहा था। कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी कांस्टेबल मौके से फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर हुआ खुलासा
यह मामला थाना गोराया के अंतर्गत गांव गोहावर की एक महिला की शिकायत के बाद सामने आया। महिला ने विजिलेंस ब्यूरो को बताया कि उसके भाई के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। इसी केस का दबाव बनाकर एएनटीएफ में तैनात एसआई अमनदीप सिंह उनके परिवार को लगातार धमका रहा था।
परिवार को केस में फंसाने और संपत्ति कुर्क करने की धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी अधिकारी कहता था कि यदि उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वह परिवार के अन्य सदस्यों को भी ड्रग्स केस में नामजद कर देगा। इतना ही नहीं, परिवार की संपत्तियों को कुर्क कराने की कार्रवाई शुरू करने की धमकी भी दी जा रही थी।
6.50 लाख लेने के बाद भी नहीं भरा मन
महिला ने विजिलेंस को बताया कि आरोपी एसआई अलग-अलग मौकों पर पहले ही 6.50 लाख रुपये रिश्वत के रूप में वसूल चुका था। इसके बावजूद उसने शिकायतकर्ता की भाभी को मामले से बचाने के नाम पर 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर दी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत
बार-बार की जा रही रिश्वतखोरी से परेशान महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी के साथ हुई बातचीत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। रिश्वत मांगने से जुड़ी यह ऑडियो रिकॉर्डिंग बाद में विजिलेंस जांच में महत्वपूर्ण सबूत साबित हुई।
विजिलेंस ने बिछाया ट्रैप, रिश्वत लेते पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो यूनिट कपूरथला ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया। तय योजना के अनुसार महिला ने आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये दिए। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कांस्टेबल मनिंदर सिंह फरार, तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान आरोपी एसआई के साथ मौजूद कांस्टेबल मनिंदर सिंह स्थिति भांप गया और सरकारी टीम के पहुंचने से पहले वाहन लेकर फरार हो गया। विजिलेंस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत में ली गई केमिकल युक्त करेंसी बरामद कर ली है। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार कांस्टेबल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


