पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना महंगाई के दौर में जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत बनी, हर तीन माह में मिल रही मुफ्त राशन किट:अश्वनी अग्रवाल

वार्ड नंबर 80 में राशन वितरण कार्यक्रम आयोजित, लाभार्थियों ने पंजाब सरकार और अश्वनी अग्रवाल का जताया आभार

जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो:- अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत वार्ड के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राशन किट वितरित की। आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों ने योजना का लाभ प्राप्त किया और पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रत्येक तीन माह में नि:शुल्क पौष्टिक राशन किट उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे बढ़ती महंगाई के दौर में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को काफी राहत मिल रही है।

अश्वनी अग्रवाल ने बताया कि राशन किट में 2 किलोग्राम दाल, 2 किलोग्राम चीनी, 1 किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर तथा 1 लीटर सरसों का तेल शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सामग्री राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी परिवार भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता से वंचित न रहे।

वार्ड नंबर 80 में ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित करते अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं पार्षद अश्वनी अग्रवाल।

अश्वनी अग्रवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास के पात्र परिवारों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें, ताकि सरकारी सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।

राशन किट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने पंजाब सरकार तथा अश्वनी अग्रवाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के ऐसे जनहितकारी प्रयास जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान डिपो होल्डर जीवन शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *