प्रत्येक वोटर के लिए बी.एल.ओ. द्वारा दिए जाने वाले गणना फॉर्म को भरना अनिवार्य : जिला चुनाव अधिकारी
सभी वोटरों से एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान बी.एल.ओ. को सहयोग देने, अपने विवरण की तस्दीक करवाने और जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाने की अपील
किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है

एस.आई.आर.-2026 के तहत 24 जुलाई तक बांटे जाएंगे गणना फॉर्म, 1 अक्तूबर को प्रकाशित होगी अंतिम वोटर सूची
जालंधर, 24 जून: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 प्रक्रिया के अंतर्गत जिला जालंधर में 25 जून से घर-घर सर्वेक्षण का महत्वपूर्ण चरण शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 24 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना (एनुमरेशन) फॉर्म वितरित करेंगे।
यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता को पहले से छपे हुए गणना फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध करवाएंगे। मतदाता द्वारा जानकारी भरने और हस्ताक्षर करने के बाद एक प्रति बीएलओ को जमा करवाई जाएगी, जबकि दूसरी प्रति बीएलओ के हस्ताक्षर सहित रसीद के रूप में मतदाता को वापस दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म मतदाता स्वयं अथवा परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य भरकर जमा कर सकता है। यदि किसी घर पर ताला लगा हो या मतदाता उपलब्ध न हो तो बीएलओ कम से कम तीन बार वहां जाकर संपर्क करने का प्रयास करेंगे।
गणना फॉर्म भरना अनिवार्य
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि एस.आई.आर.-2026 के तहत प्रत्येक मतदाता के लिए गणना फॉर्म भरना अनिवार्य है। जिन मतदाताओं के फॉर्म जमा हो जाएंगे, उनके नाम 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट वोटर सूची में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट सूची पर 3 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकेंगी, जबकि इनके निपटारे की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 अक्तूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष प्रबंध
वरजीत वालिया ने बताया कि जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ईआरओ) के साथ 2 सहायक चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी (एईआरओ) तथा 5 अतिरिक्त सहायक चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जिले में 1,926 बीएलओ, 189 सुपरवाइजर और अन्य चुनावी अमला तैनात किया गया है, जिन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी निभाएंगे भूमिका
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए गए हैं, जो बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
बीएलए ड्राफ्ट वोटर सूची प्रकाशित होने से पहले प्रतिदिन अधिकतम 50 फॉर्म (फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8) तथा ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म एकत्रित कर बीएलओ को सौंप सकेंगे।
अफवाहों से बचने की अपील
जिला चुनाव अधिकारी ने नागरिकों से एस.आई.आर. प्रक्रिया को लेकर फैलाए जा रहे किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री नंबर 1950 पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा किसी भी शिकायत के लिए जिला चुनाव अधिकारी कार्यालय अथवा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) की अध्यक्षता में गठित शिकायत निवारण सेल से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिले में 16.49 लाख से अधिक मतदाता
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जालंधर जिले में कुल 16,49,946 मतदाता हैं, जिनमें 8,49,320 पुरुष, 8,00,571 महिला तथा 55 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्री-एस.आई.आर. गतिविधियों के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ वर्तमान सूची के 82 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पहले ही पूरी की जा चुकी है।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे एस.आई.आर.-2026 के दौरान बीएलओ को पूरा सहयोग दें, अपने विवरण की समय पर पुष्टि करवाएं तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।



