जालंधर शहरी और देहाती कांग्रेस ने केंद्र सरकार की कार्रवाई की निंदा की, कहा- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो :-
जिला कांग्रेस कमेटी शहरी एवं देहाती जालंधर की ओर से दिल्ली में नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफा देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, तब उन पर लाठीचार्ज किया गया और धक्का-मुक्की की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में जालंधर शहरी एवं देहाती कांग्रेस द्वारा केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भाषणों में युवाओं और विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हैं, लेकिन वास्तविकता में उनके साथ किया जा रहा व्यवहार बेहद चिंताजनक है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी दिल्ली में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने उनके साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार और धक्कामुक्की की, जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और पंजाब की भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों सरकारों के पुतले फूंके।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में भगवंत मान सरकार के कार्यकाल के दौरान अब तक तीन बड़े पेपर लीक मामले सामने आ चुके हैं। फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा से पहले 12वीं अंग्रेजी और PSTET के प्रश्नपत्र भी लीक हुए थे। उन्होंने कहा कि पंजाब में ग्रुप-बी पेपर लीक मामले की जांच पिछले छह महीनों से लंबित है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं का सरकारी भर्ती और परीक्षा प्रणाली से भरोसा कमजोर किया है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी देहाती के अध्यक्ष एवं विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष रजिंदर बेरी, विधायक अवतार सिंह जूनियर बावा हेनरी, विधायक सुखविंदर सिंह कोटली, डॉ. नवजोत सिंह दहिया, सुरिंदर कौर, राजिंदर सिंह (पूर्व एसएसपी), चौधरी सुरिंदर सिंह (पूर्व विधायक), अश्वन भल्ला, परमजोत सिंह शैरी चड्ढा, बलराज ठाकुर, डॉ. जसलीन सेठी, पवन कुमार, प्रेम नाथ दकोहा, रछपाल जख्खू, दीपक शर्मा मोना, जगदीप सिंह सोनू संधर, विपिन कुमार, मंगा सिंह मुधड़, रविंदर सिंह लाडी, अनुराधा (प्रधान महिला कांग्रेस), अमित कुमार मट्टू, नरेश वर्मा, ब्रह्म देव सहोता, एडवोकेट गौतम सहोता, अश्वनी जंगराल, प्रेम पाल डुमेली, अरुण रतन, नवदीप जरेवाल, दविंदर शर्मा बॉबी, विकास तलवाड़, रवीश शर्मा, राजेश जिंदल टोनू, यश पाल सफरी, लेख राज, विद्या सागर, रवि बग्गा, मुकेश ग्रोवर, परमजीत सिंह बल्ल, आनंद बिट्टू, अतुल चड्ढा, प्रभ दयाल भगत, सूरज प्रकाश लाडी, सतपाल पाल मिक्का, विक्की आबादपुरा, सुदेश भगत, रमेश कुमार, मुन्ना यादव, मास्टर शरीफ चंद, अशोक हंस, मनजीत सिमरन, एडवोकेट विक्रम दत्ता, उमेश कुमार, कुलदीप शर्मा, रणदीप लक्की संधू, हरमीत सिंह, हनी जोशी, तिलक राज चोहका सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



