श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित नकोदर में हुआ ड्रोन शो

650वें प्रकाश पर्व के समारोहों को बड़े स्तर पर मना रही पंजाब सरकार : इंद्रजीत कौर

बड़ी संख्या में संगत ने श्रद्धा से की शिरकत,आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन व शिक्षाओं से करवाया गया परिचय

नकोदर/दिव्य दोआबा ब्यूरो, 7 सितंबर :- श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे समारोहों की श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार शाम को नकोदर में गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित ड्रोन शो करवाया गया। पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा नई अनाज मंडी में करवाए गए ड्रोन शो के दौरान हल्का विधायक इंद्रजीत कौर मान और डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने शिरकत की।

ड्रोन शो में शामिल बड़ी संख्या में संगत को आधुनिक तकनीक, आध्यात्मिकता और कथा-वर्णन का शानदार संगम देखने को मिला। शो के दौरान 500 ड्रोनों के माध्यम से आकाश में श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और उनके सामाजिक समानता, दया, सामाजिक न्याय, मानवता तथा आपसी सद्भाव के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए हल्का विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी का 650वां प्रकाश पर्व मनाने के लिए बड़े स्तर पर समारोह करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी की सनातन शिक्षाओं से परिचित कराने और अपनी समृद्ध सामाजिक व आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने के लिए यह अनूठी पहल की गई है।

विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए जहां कीर्तन दरबार करवाए जा रहे हैं, वहीं शैक्षणिक संस्थानों में सेमिनारों के माध्यम से युवाओं को गुरु जी के जीवन और दर्शन से परिचित करवाया जा रहा है। इसी प्रकार गुरु जी के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए डॉक्यूमेंट्री वैन, मैराथन और अन्य प्रयास किए जा रहे हैं। पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र की आधारशिला रखी गई है, जिसे डेरा सचखंड बल्लां के पास 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि यह जिले का पहला शो है, जो नकोदर में करवाया जा रहा है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे ड्रोन शो करवाए जाएंगे।ड्रोन शो के दौरान प्रसिद्ध रागी भाई जसबीर सिंह जालंधर वालों के जत्थे द्वारा शब्द कीर्तन और गुरुवाणी से संगत को जोड़ा गया।

उल्लेखनीय है कि 8 सितंबर को लायलपुर खालसा कॉलेज, जालंधर, 9 सितंबर को शाहकोट, 10 सितंबर को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रंधावा मसंद और 11 सितंबर को नई दाना मंडी फिरोजपुर में ड्रोन शो करवाए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रमुख हस्तियों में चेयरमैन जिला परिषद दर्शन सिंह टाहली, प्रधान नगर कौंसिल प्रदीप सिंह, चेयरमैन मार्केट कमेटी जसवीर सिंह धनजल, चेयरमैन मार्केट कमेटी बिलगा जसवीर सिंह संगोवाल, चेयरमैन मार्केट कमेटी नूरमहल लखवीर सिंह, एस.डी.एम. नकोदर सिमरनजीत सिंह, डी.एस.पी. सरवण सिंह बल्ल, बी.डी.पी.ओ. अभय चंद्र के अलावा काउंसिलर, ब्लॉक प्रधान, गांवों के सरपंच-पंच सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद थी।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *