जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो, 23 जून। किशनपुरा रोड स्थित चर्चित बीएमएस फैशन शोरूम पर हुई फायरिंग और फिरौती मांगने के मामले में जालंधर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी नवल उर्फ बिल्ला को मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में काबू कर लिया गया।

जालंधर में फायरिंग के आरोपी का एनकाउंटर।
जानकारी के अनुसार, करीब 11 दिन पहले दो बाइक सवार बदमाशों ने बीएमएस फैशन शोरूम के बाहर पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। गोलियां शोरूम के मुख्य शीशों पर लगीं, जिससे शीशे पूरी तरह टूट गए थे। हालांकि, उस समय दुकान में मौजूद लोगों की किस्मत अच्छी रही और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
फायरिंग के बाद मांगी गई थी फिरौती
वारदात के तुरंत बाद शोरूम मालिक को एक विदेशी नंबर से फोन कर धमकाया गया था। कॉल करने वाले ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए भारी रकम की फिरौती मांगी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी थी।
आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर की फायरिंग
मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी नवल उर्फ बिल्ला एक स्थान पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय अपनी पिस्तौल निकालकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपी की गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की एक गोली आरोपी की टांग में लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
अवैध हथियार बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पुलिस सुरक्षा के बीच उसका इलाज जारी है।

पहले ही गिरफ्तार हो चुका है दूसरा आरोपी
इस मामले में पुलिस इससे पहले कुश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। कुश घास मंडी, बस्ती शेख का रहने वाला है और उसे काजी मंडी क्षेत्र से पकड़ा गया था। जांच में सामने आया था कि वह विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल्ल के संपर्क में था।
विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर हुई थी वारदात
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बीएमएस फैशन शोरूम पर फायरिंग और फिरौती की साजिश विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल्ल के निर्देश पर रची गई थी। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जल्द ही कुछ और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



