हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने दिखाया भाजपा की संगठनात्मक ताकत : नितिन नवीन

जालंधर, 20 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जालंधर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य, ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत किया। भाजपा जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष सुशील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने जालंधर में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनसमर्थन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता निर्धारित स्थल पर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों, फूलों की वर्षा और भारत माता के जयकारों के बीच नितिन नवीन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद शहर में एक विशाल एवं ऐतिहासिक रोड मार्च निकाला गया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। रोड मार्च के दौरान विभिन्न स्थानों पर व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जालंधर में मिला अपार स्नेह, सम्मान और जनसमर्थन भाजपा के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी यह साबित करती है कि भाजपा पंजाब में तेजी से मजबूत हो रही है और संगठन बूथ स्तर तक सशक्त होकर जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ बना रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, जनसेवा तथा केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जालंधर आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिसके चलते जनता का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। पंजाब में भी भाजपा को मिल रहा बढ़ता जनसमर्थन पार्टी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

सुशील शर्मा ने कहा कि आज के विशाल स्वागत समारोह और रोड मार्च ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा का संगठन जालंधर सहित पूरे पंजाब में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, जालंधर के पूर्व लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की, राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी, अमित तनेजा, जगबीर सिंह बराड़, सरबजीत सिंह मक्कड़, अविनाश चंद्र तथा पूर्व विधायक शीतल अंगुराल सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विशाल स्वागत समारोह कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह चरम पर रहा तथा वातावरण भाजपा के नारों से गूंजता रहा। विशाल रोड मार्च और स्वागत समारोह ने जालंधर में भाजपा की बढ़ती संगठनात्मक मजबूती और जनाधार का प्रभावशाली संदेश दिया।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *