3 राउंड फायरिंग से दहशत, शीशे टूटे; भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीटा, दूसरा फरार

जालंधर, भार्गव कैंप। शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके भार्गव कैंप में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मशहूर चावला मोबाइल पॉइंट के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दुकान की ओर तीन गोलियां चलाईं, जिससे शोरूम के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा।
घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। पकड़े गए आरोपी की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भिजवाया।
मुंह ढंककर आए थे बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अपने चेहरे ढंके हुए थे। शोरूम के सामने पहुंचते ही बाइक की रफ्तार धीमी की गई और पीछे बैठे युवक ने दुकान की ओर लगातार तीन फायर कर दिए। गोलियां शोरूम के शीशों में लगीं, जिससे वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
दुकानदार ने किया पीछा
शोरूम संचालक अंकुश चावला ने बताया कि फायरिंग होते ही वे बाहर निकले और हमलावरों का पीछा शुरू कर दिया। उन्होंने लोगों को आवाज लगाकर आरोपियों को रोकने की अपील की। बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण कुछ दूरी पर भाग रहे बदमाशों की बाइक एक कार से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी गिर पड़े। इसी दौरान एक आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ लिया।
भीड़ ने सड़क पर घसीटकर की पिटाई
फायरिंग की घटना से गुस्साए लोगों ने पकड़े गए आरोपी को सड़क पर घसीट लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। उसे लात-घूंसों और जूते-चप्पलों से पीटा गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
फिरौती कनेक्शन की चर्चा
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही कि मोबाइल शॉप संचालक को पिछले कुछ समय से फिरौती के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनसे करीब 50 लाख रुपये की मांग की गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
आरोपी का दावा- 500 रुपये में दी गई थी सुपारी
लोगों के हत्थे चढ़े आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया कि उसे फायरिंग करने के लिए केवल 500 रुपये दिए गए थे। उसने बताया कि उसे जालंधर के एक युवक ने इस काम के लिए तैयार किया था और हथियार भी उसी ने उपलब्ध करवाया था। आरोपी ने खुद को फरीदकोट का निवासी बताया है।

पुलिस ने आरोपी हिरासत में लेकर अस्पताल भिजवाया।
दिनदहाड़े हुई फायरिंग से नाराज स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। दुकानदारों का कहना है कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और कारोबारियों को मिल रही धमकियों पर सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस जांच में जुटी
मौके पर पहुंचे ACP आतिश भाटिया ने बताया कि दुकान संचालक को पहले भी धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार साथी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सस्ते आईफोन के लिए चर्चित है चावला मोबाइल पॉइंट
चावला मोबाइल पॉइंट शहर में सस्ते आईफोन और मोबाइल डील्स के लिए जाना जाता है। सोशल मीडिया पर भी शोरूम की बड़ी पहचान है और इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाखों की संख्या में फॉलोअर्स जुड़े हुए हैं। इसी कारण वारदात के बाद यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।


