नशों को जड़ से खत्म करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही पंजाब सरकार: मोहिंदर भगत

कैबिनेट मंत्री ने नशे के खिलाफ मुहिम में समाज के हर वर्ग को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की कहा, राज्य सरकार ने हजारों नशा तस्करों को जेलों की सलाखों के पीछे भेजा

जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो, 2 सितंबर :- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं मंत्री मोहिंदर भगत ने आज ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान पंजाब सरकार की राज्य में नशों के पूर्ण उन्मूलन की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।

स्थानीय जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में कैबिनेट मंत्री ने पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस, चेयरमैन पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी कमीशन चंदन ग्रेवाल, चेयरमैन पंजाब राज्य खादी बोर्ड गगनदीप सिंह काकू आहलूवालिया, मेयर विनीत धीर, ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, नितिन कोहली समेत बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पंजाब सरकार नशे की बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है, जिसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली सरकार ने नशे को खत्म करने का ठोस इरादा किया हुआ है, जिसके तहत हजारों नशा तस्करों को जेलों की सलाखों के पीछे भेजने के अलावा नशे के आदी व्यक्तियों को नशा छुड़ाऊ केंद्रों में भेजकर उनके पुनर्वास के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।

श्री भगत ने नशा मुक्ति मोर्चा द्वारा नशों के खिलाफ लड़ाई में निभाई जा रही भूमिका की प्रशंसा करते हुए उन्हें और डटकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन समितियों द्वारा जहां नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में अहम योगदान दिया जा रहा है, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, इलाकों को नशा मुक्त बनाने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को इस मुहिम को निचले स्तर तक और प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सिविल प्रशासन और स्थानीय लोगों के साथ बेहतर तालमेल से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र स्तर पर डी.एस.पी., नशा मुक्ति मोर्चा के क्षेत्र समन्वयकों और लोक प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें की जाएं और इस समस्या से निपटने के लिए तालमेल वाले प्रयासों पर जोर दिया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशा छुड़ाऊ ढांचे को भी मजबूत किया है ताकि नशे की गिरफ्त में आए हर व्यक्ति का बेहतर इलाज और पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके। युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ छेड़ी मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इससे पहले मेयर विनीत धीर, राजविंदर कौर थियाड़ा और नितिन कोहली ने नशों के खात्मे के लिए हर वर्ग की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए सभी वर्गों को सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशा मुक्त रंगला पंजाब का सपना पूरा किया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशों के मामले में पिछले दो महीनों जुलाई और अगस्त के दौरान 500 से अधिक केस दर्ज किए गए हैं। उन्होंने लोगों से नशों से संबंधित गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रशासन और पुलिस के साथ साझा करने की अपील भी की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

इस मौके पर नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री, जिला इंचार्ज (शहरी) शैंकी भगत के अलावा क्षेत्र समन्वयक और ब्लॉक समन्वयक भी मौजूद थे।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *