आम आदमी पार्टी ने पंजाब को हर क्षेत्र में बर्बाद किया, भाजपा बनेगी पंजाब की आवाज़: बी.एल. संतोष

कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम, पंजाब के लोगों का सहारा बनेगी भाजपा: बी.एल. संतोष

पांच महीनों में मजबूत टीम तैयार करें, हर बूथ पर सक्रिय समितियां बनाएं: बी.एल. संतोष

जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो, 25 अगस्त:-
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष ने पंजाब के दो दिवसीय दौरे के दौरान आज जालंधर जोन के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस बैठक के दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी को मजबूत करने के संबंध में विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर बी.एल. संतोष ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हर क्षेत्र में पंजाब को बर्बाद करने का प्रयास किया है। सरकार ने विकास तो क्या करना था, बल्कि प्रदेश में नशे और कानून-व्यवस्था की स्थिति को और खराब कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में कांग्रेस पार्टी भी विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम रही है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी को पंजाब के लोगों का सहारा बनना है और उनकी आवाज़ उठानी है।

उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए पार्टी सर्वोपरि है। इसी के चलते उन्होंने पूरी लीडरशिप के साथ-साथ जिला एवं सर्कल अध्यक्षों को पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में नए शामिल होने वाले लोगों के साथ-साथ पहले से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत करना है।

इस अवसर पर बी.एल. संतोष ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय समितियां गठित करनी हैं और पार्टी के संदेश, विचारधारा एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजबूत नेतृत्व, भाजपा की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मजबूत ताकत है, जिसके बल पर हमें हर मुकाम हासिल करना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए हमारे पास केवल पांच महीने का समय है और इस दौरान पार्टी की एक मजबूत टीम तैयार करनी है।

उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करने और गुरु जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बी.एल. संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि श्री संतोष जी का मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है, जिसका लाभ आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने बदलाव के नाम पर पंजाब को ठग लिया है और पिछले साढ़े चार वर्षों से प्रदेश को जमकर लूटा जा रहा है। यहां इंकलाब लाने की बात तो दूर, पंजाब को नशे की दलदल में धकेल दिया गया है। पंजाब के सिर पर कर्ज का पहाड़ लाद दिया गया है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल है और पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है।

प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि ऐसे समय में पंजाब की एकमात्र उम्मीद भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से दिन-रात एक कर मजबूती से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनाई जा सके।

Share it

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *