जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो:- अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते वार्ड नंबर 80 के आम आदमी पार्टी के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पारदर्शी एवं मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 68,268 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कर रोजगार के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि मान सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार, सिफारिश और धनबल के आधार पर भर्ती होने की शिकायतें आम थीं, लेकिन मान सरकार ने इस व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए योग्य एवं मेहनती युवाओं को उनकी प्रतिभा और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। इससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुआ है।

अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते वार्ड नंबर 80 के आप पार्षद अश्वनी अग्रवाल
अग्रवाल ने बताया कि पंजाब सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासन सहित विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां कर न केवल सरकारी तंत्र को मजबूत किया है, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आर्थिक स्थिरता और नई उम्मीद का संचार भी किया है। उन्होंने कहा कि यह रोजगार केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भर पंजाब की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार रोजगार के नए अवसर सृजित करने, निवेश को बढ़ावा देने तथा उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार की जनहितैषी नीतियों के कारण राज्य में विकास की गति तेज हुई है और युवाओं के पलायन को रोकने में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि मान सरकार का लक्ष्य पंजाब के प्रत्येक योग्य युवा को उसकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी सरकार पारदर्शिता, ईमानदारी और सुशासन के सिद्धांतों पर चलते हुए युवाओं के हित में ऐतिहासिक निर्णय लेती रहेगी तथा पंजाब को देश के अग्रणी और समृद्ध राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।



