लुधियाना/जालंधर/ब्यूरो:- सिख धर्म के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले चेतन शर्मा की गिरफ्तारी न होने से नाराज सिख संगठनों और विभिन्न निहंग जत्थों ने सोमवार को पंजाब के सबसे व्यस्त और महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा को टोल फ्री घोषित कर दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में वाहन बिना शुल्क के गुजरने लगे। हालांकि, एक तरफ केवल एक लेन खुली रहने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
धरना दे रहे सिख संगठनों का आरोप है कि चेतन शर्मा द्वारा सिख धर्म के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि मामला दर्ज होने के बावजूद 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अभी तक गिरफ्तारी से बाहर है। इसी के विरोध में विभिन्न जत्थेबंदियों ने लाडोवाल टोल प्लाजा पर मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के चलते लुधियाना से जालंधर की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों ने एक लेन को छोड़कर अन्य लेनों पर आवाजाही रोक दी, जिससे करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं जालंधर की ओर से आने वाले अधिकांश वाहनों को बिना टोल शुल्क के कई लेनों से निकाला जाता रहा।

लाडोवाल टोल प्लाजा पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सिख संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे पहले भी चेतन शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना दिया गया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे सिख समुदाय में भारी रोष है।
धरने की सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतलुज पुल के एक हिस्से से दोनों दिशाओं का यातायात संचालित करना शुरू किया, लेकिन पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही।
ट्रैफिक जाम में फंसे लोगों ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। हिमाचल प्रदेश से आए एक यात्री ने बताया कि वह अपने बीमार रिश्तेदार का इलाज करवाकर वापस लौट रहे थे, लेकिन करीब ढाई घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। वहीं लुधियाना निवासी रवि कुमार ने कहा कि उन्हें जालंधर में एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने जाना था, लेकिन लंबे जाम के कारण समय पर पहुंचना मुश्किल हो गया है।

एडीसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस अधिकारियों और सिख जत्थेबंदियों के बीच लगातार बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि लुधियाना से जालंधर की ओर जाने वाला सतलुज पुल प्रभावित होने के कारण ट्रैफिक को एक तरफ से संचालित किया जा रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

फिलहाल प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और चेतन शर्मा की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन मामले के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रयासरत है।



