जालंधर/दिव्य दोआबा ब्यूरो :- अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं जालंधर नगर निगम के पार्षद श्री अश्वनी अग्रवाल द्वारा आज अपने कार्यालय में मुख्यमंत्री ‘माँ-धिया सत्कार योजना’ के तहत विशेष पंजीकरण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीकरण करवाया।
इस अवसर पर श्री अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र सामान्य वर्ग (जनरल कैटेगरी) की महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह तथा अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की पात्र महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ तभी सार्थक है जब वह जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्री अग्रवाल ने क्षेत्र की सभी पात्र महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनकल्याण और जनहित से जुड़े ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
शिविर के दौरान महिलाओं को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन प्रक्रिया संबंधी विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सरकार और प्रशासन की एक सकारात्मक एवं जनहितैषी पहल बताया।



